सुनील रोहटा के संयोजन में जुटी भारी भीड़, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार समेत कई प्रमुख नेताओं ने की शिरकत।
मेरठ। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के जानी ब्लॉक स्थित ग्रीन लीफ रिसॉर्ट में रविवार, 1 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) की ओर से तीसरा विशाल अति पिछड़ा वर्ग सम्मेलन आयोजित किया गया। रालोद नेता सुनील रोहटा के संयोजन में आयोजित इस सम्मेलन में सामाजिक समरसता, भाईचारे और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चा हुई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सिवालखास विधानसभा सहित प्रदेश की अन्य सीटों पर NDA प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संतराज प्रजापति ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय महासचिव गौरव जिटौली ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार शामिल हुए। इसके अलावा क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक, यूपी एससी-एसटी आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी, सुप्रिया पाल, जिला अध्यक्ष एडवोकेट अनिकेत भारद्वाज, संगीता दोहरे, पूर्व विधायक हरपाल सैनी, संजय पनवाड़ी, विवेक बाफर, राकेश कश्यप, अर्जुन ढीडाला, डॉ. सुशील कुमार, दीपक गुन, पूजा राजपूत, बाबूराम प्रजापति और इंद्रवीर भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सामाजिक एकता और भाईचारे पर दिया जोर
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने अपने संबोधन में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सिवालखास से NDA प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही किसानों के हितों और गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी के विषय पर भी अपनी बात रखी।मीरापुर विधायक मिथलेश पाल की सुपुत्री सुप्रिया पाल ने अति पिछड़ा वर्ग सहित सभी समाज के लोगों से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में NDA गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

पूर्व एमएलसी हरपाल सिंह सैनी ने शिक्षा और सामाजिक सुधार को समाज की तरक्की का आधार बताते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने संगठन की मजबूती और सामाजिक एकजुटता पर बल दिया।क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने किसान ट्रस्ट की ओर से किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह के योगदान को याद करते हुए किसानों और सर्वसमाज के हित में उनके विचारों को आगे बढ़ाने की बात कही।उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल सभी वर्गों के उत्थान और हितों के लिए कार्य करने वाला संगठन है। वहीं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बाबूराम प्रजापति ने कहा कि रालोद किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि किसान, मजदूर और सर्वसमाज की हितैषी पार्टी है।
सुनील रोहटा ने जताया आभार, NDA की जीत के लिए गांव-गांव पहुंचने का संकल्प
सम्मेलन के आयोजक एवं रालोद नेता सुनील रोहटा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरी मेहनत और ताकत के साथ गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे तथा NDA प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए काम करेंगे।

उन्होंने सम्मेलन में पहुंचे अतिथियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया।
शॉल और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
सम्मेलन के समापन पर अतिथियों एवं पदाधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही स्मृति चिह्न और उपहार भेंट किए गए। आयोजकों की ओर से जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई।आयोजन को सफल बनाने में हरेंद्र प्रधान, देवेंद्र, धर्मवीर, ओमपाल, सुमित गुर्जर घाट, कर्मवीर, सोनू कश्यप, रमेश वाल्मीकि और संजय प्रधान सैनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। सम्मेलन को सिवालखास क्षेत्र में रालोद के संगठनात्मक विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




