मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के शीर्ष नेतृत्व ने राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित युवा शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता चौधरी विवेक बाफ़र पर भरोसा जताते हुए उन्हें पार्टी का महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के निर्देशानुसार तथा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा की अनुमति से हस्तिनापुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने चौधरी विवेक बाफ़र को महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी।उल्लेखनीय है कि चौधरी विवेक बाफ़र राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह के जीवन और विचारों पर पुस्तक लिखी है, जिसकी काफी सराहना हुई थी। पुस्तक का विमोचन स्वयं चौधरी जयंत सिंह ने किया था।इसके अलावा विवेक बाफ़र द्वारा आयोजित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी सराहना मिली है। हाल ही में उनके नेतृत्व में आयोजित लोक कलाकार सम्मान समारोह की गूंज दिल्ली तक पहुंची थी।नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष चौधरी विवेक बाफ़र ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। संगठन को मजबूत करना, पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता होगी।उनकी नियुक्ति पर राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी, बीरपाल मलिक, सांसद राजकुमार सांगवान, राष्ट्रीय लोकदल सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे, विनय प्रधान, रणवीर दैया, जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, आतिर रिजवी, संजय पनवाड़ी, बाबूराम प्रजापति, अभिमन्यु, नरेश मल्लापुर, एडवोकेट जयराज सिंह, सरदार दिलप्रीत, मारूफ अली सहित अनेक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।




