मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री राहुल चौधरी की क्षेत्र में लगातार बढ़ती सक्रियता राजनीतिक चर्चाओं का विषय बनी हुई है। क्षेत्र में उनकी लगातार मौजूदगी और जनसंपर्क को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।राहुल चौधरी इन दिनों सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में लोगों के बीच पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं। सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में सहभागिता के साथ-साथ वे क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को सुनना भी उनकी सक्रियता का हिस्सा है।राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राहुल चौधरी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सिवाल खास सीट से टिकट के दावेदार के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने में जुटे हैं। संगठन में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी निभाने के साथ क्षेत्र में उनकी सक्रियता को उनकी राजनीतिक तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है।फिलहाल भाजपा की ओर से सिवाल खास विधानसभा सीट पर प्रत्याशी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले समय में पार्टी नेतृत्व किसे मौका देता है, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल राहुल चौधरी की क्षेत्र में बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों ने 2027 के चुनाव को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।




