मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के कस्बा खिवाई में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली, कथित मनमानी और अव्यवस्थाओं के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना दिया गया। धरने का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित ने किया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याओं को उठाते हुए आम जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद की।धरने के दौरान सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित ने भारतीय जनता पार्टी की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार में आम जनता पर जुल्म हो रहा है। बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार परेशान हैं। गरीब परिवार का थोड़ा सा बिजली बिल बकाया होने पर भी कनेक्शन काट दिया जाता है, जबकि उपभोक्ताओं को बिल वसूली के नाम पर लगातार दबाव का सामना करना पड़ रहा है।धरने पर बैठे लोगों ने मांग की कि गरीब परिवारों के बिजली कनेक्शन बिना उचित सुनवाई के न काटे जाएं, गलत और बढ़े हुए बिजली बिलों को तत्काल ठीक किया जाए, उपभोक्ताओं का उत्पीड़न बंद हो तथा गांव और कस्बे में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही बिजली संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने की भी मांग उठाई गई।सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित ने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि आम जनता के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है। समाजवादी पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और आम आदमी के हक की आवाज उठाती रही है। जब तक बिजली विभाग जनता की समस्याओं का उचित समाधान नहीं करता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।




