रालोद नेता संजय रसूलपुर ने गांव छुर पहुंचकर परिजनों का बढ़ाया मान, बोले- खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने से बढ़ेगा खेलों का स्तर
सरूरपुर। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के गांव छुर में एशियन गेम में कांस्य पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी अनुभव तालियान के परिजनों को रालोद नेता संजय रसूलपुर ने सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ी के परिजनों को सम्मान स्वरूप भेंट देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने अनुभव तालियान की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।रालोद नेता संजय रसूलपुर ने कहा कि अनुभव तालियान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर न केवल अपने परिवार और गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है।उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित होती है। आज के दौर में युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए। समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे मेहनती खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं और उनकी उपलब्धियों को सम्मान दें।संजय रसूलपुर ने कहा कि अनुभव तालियान जैसे खिलाड़ी अपनी मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान होने से दूसरे युवाओं को भी आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए।इस अवसर पर अनुभव तालियान के परिजन और गांव के गणमान्य लोग मौजूद रहे।




