मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।जानी थाना क्षेत्र के टिकरी गांव में लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुई। शुक्रवार तड़के एक मकान की छत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार टिकरी गांव निवासी रिशिपाल के पुत्र रितेश (18 वर्ष) और रचित (20 वर्ष) अपने मकान की ऊपरी मंजिल के कमरे में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि मकान की छत में लगी लकड़ी की कड़ियां लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुकी थीं। अचानक छत का हिस्सा टूटकर दोनों भाइयों के ऊपर आ गिरा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दोनों को उपचार के लिए शिवम नर्सिंग होम पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने रितेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि रचित का उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा घायल युवक के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद प्रदान करने की अपील की गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के कई पुराने और जर्जर मकान खतरे की स्थिति में हैं। प्रशासन से ऐसे भवनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई गई है।
