मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।थाना बहसूमा पुलिस ने मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेत अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार, मोहल्ला मारकपुरिया निवासी जितेंद्र सिंह के मकान का 24/25 अगस्त की रात ताला तोड़कर चोर करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के और लाइसेंसी राइफल के कारतूस चोरी कर ले गए थे। मामले में 25 अगस्त को बहसूमा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।गुरुवार रात पुलिस ग्राम तजपुरा के बाहर ईंट भट्ठे के पास नाले की पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मवाना-बहसूमा मार्ग की ओर से बाइक पर आए दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हारुन पुत्र सदबुद्दीन निवासी बड़खला, बिजनौर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी महरूम पुत्र इसरार निवासी टंडेरा, मुजफ्फरनगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.43 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, चांदी के सिक्के, दो पीली धातु के बिस्किट, एक तमंचा 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस और हीरो एचएफ डीलक्स बाइक बरामद की है। घायल हारुन को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बहसूमा क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। हारुन के खिलाफ बिजनौर के विभिन्न थानों में चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।



