मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के अमानुल्लाहपुर गांव के पास बुधवार सुबह बच्चों से भरी स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी देहात अभिजीत कुमार भी घायल बच्चों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। सीओ सरधना आशुतोष कुमार और रोहटा थाना प्रभारी पूजा ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों की स्थिति की जानकारी ली।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।घायल बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया। इसके बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने हंगामा किया और स्कूल प्रबंधन से कहासुनी हुई। इस दौरान मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप भी लगाया गया।वहीं, स्कूल संचालक अजय गुप्ता ने चालक के शराब पीकर बस चलाने के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि चालक हृदय संबंधी समस्या के चलते दवाई लेता है। स्कूल संचालक ने घायल बच्चों के उपचार का खर्च स्कूल प्रबंधन द्वारा उठाने की बात भी कही।हादसे के बाद अभिभावकों में रोष है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।



