सपा प्रत्याशियों को मिली हार, जीत की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। मेरठ-सहारनपुर खंड के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज की। शिक्षक सीट पर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा ने सपा प्रत्याशी डॉ. नितिन कुमार तोमर को पराजित किया, जबकि स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल ने सपा प्रत्याशी प्रमेंद्र भाटी को हराया। दोनों सीटों पर भाजपा की जीत के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। जीत की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।मंगलवार को मेरठ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। मतगणना के लिए मतपत्रों के 50-50 बंडल बनाए गए थे। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित तमाम प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा और सपा प्रत्याशी डॉ. नितिन कुमार तोमर के बीच मुकाबला रहा। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के दिनेश गोयल और सपा के प्रमेंद्र भाटी के बीच चुनावी प्रतिस्पर्धा हुई। मतगणना के दौरान शुरुआती दौर में सपा प्रत्याशी प्रमेंद्र भाटी ने आगे रहने की बात कही, लेकिन बाद के राउंड में भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल आगे निकल गए। इसके बाद प्रमेंद्र भाटी ने अपनी हार स्वीकार कर ली और मतगणना पूरी होने से पहले ही मतगणना स्थल से चले गए।दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। मेरठ-सहारनपुर खंड में भाजपा ने शिक्षक और स्नातक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है।गौरतलब है कि वर्ष 2020 के एमएलसी चुनाव में भी भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी। उस चुनाव में उन्होंने माध्यमिक शिक्षक संघ के शर्मा गुट के प्रत्याशी ओमप्रकाश शर्मा को हराया था। ओमप्रकाश शर्मा लगातार आठ बार इस सीट से एमएलसी चुने जा चुके थे। इस बार फिर श्रीचंद शर्मा की जीत से शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा, जबकि स्नातक सीट पर दिनेश गोयल की जीत ने पार्टी की स्थिति मजबूत की।देर रात तक मतगणना का कार्य जारी रहा। दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल रहा।



