मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत श्रम विभाग, मेरठ द्वारा शुक्रवार को विकास खंड सरूरपुर में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निर्माण श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।शिविर के दौरान कुल 50 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। वहीं 23 श्रमिकों का नवीन पंजीयन तथा 15 श्रमिकों के पंजीयन का नवीनीकरण कराया गया। श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान कन्या विवाह सहायता योजना तथा मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के अंतर्गत पात्र पांच लाभार्थियों को ब्लॉक प्रमुख श्री ठाकुर मनोज चौहान द्वारा हितलाभ वितरित किए गए।कार्यक्रम में श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनय कुमार दुबे, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि कांत पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक उमेश शर्मा एवं रोहित वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर अरविन्द कुमार एवं वरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना, पात्र श्रमिकों का पंजीयन एवं नवीनीकरण कराना तथा लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के हित में इस प्रकार के शिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।



