मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
लावड़। कस्बा निवासी एक दैनिक समाचार पत्र के संवाददाता ने वार्ड नंबर-5 के सभासद ऐजाज अंसारी पर समाचार प्रकाशित होने से नाराज होकर गाली-गलौज करने, कथित तौर पर पिस्टल दिखाकर धमकाने और दो लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पत्रकार ने लावड़ चौकी में तहरीर देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।पुलिस को दी गई तहरीर में पत्रकार ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। वर्तमान में वह एक दैनिक समाचार पत्र के लिए इंचौली,लावड़ और आसपास के क्षेत्र की खबरें कवर करता है। शिकायतकर्ता के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को उसने वार्ड नंबर-5 के सभासद ऐजाज अंसारी से संबंधित एक वायरल ऑडियो के आधार पर समाचार प्रकाशित किया था। आरोप है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद सभासद उससे नाराज हो गया।शिकायतकर्ता का आरोप है कि 3 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे उसे रास्ते में रोककर समाचार को लेकर गाली-गलौज की गई और खबर का खंडन प्रकाशित करने का दबाव बनाया गया। तहरीर के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर एसएसपी मेरठ के यहां उसके खिलाफ प्रार्थना पत्र देने की बात कहते हुए कार्रवाई से बचने के लिए दो लाख रुपये देने का दबाव बनाया और रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।पत्रकार ने आरोप लगाया कि इसी दौरान सभासद ने कथित रूप से पिस्टल निकालकर उसे डराया और समाचार का खंडन नहीं करने तथा रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के बाद से वह भयभीत है और उसे अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता है।



