मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई द्वारा सोमवार को हरमन सिटी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई कार्यशाला के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी मानसिंह गोस्वामी रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने की। संचालन जिला उपाध्यक्ष संजीव बंसल ने किया। मुख्य वक्ताओं ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रव्यापी ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत मंदिरों में दीपदान, कलश वंदन, संत संपर्क, मंदिर स्वच्छता, छात्रावास संपर्क, प्रभात फेरी, कीर्तन तथा समरसता यात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि गुरु रविदास महाराज के समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। अभियान के क्षेत्रीय संयोजक हरेंद्र जाटव ने बताया कि 29 जुलाई को वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से अभियान का शुभारंभ होगा। 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लन (जालंधर) से वाराणसी तक समरसता यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 26 नवंबर से 15 जनवरी तक छात्रावास संपर्क अभियान संचालित होगा। क्षेत्रीय मंत्री इंद्रपाल बजरंगी ने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देते हुए अधिक से अधिक डीएलपी प्रमाणपत्र बनवाने का आह्वान किया। साथ ही बूथ सशक्तिकरण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, वृक्षारोपण और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने कहा कि गुरु रविदास महाराज के जीवन-दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश को प्रत्येक घर तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सदाचार, सेवा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल सिंह, जिला महामंत्री भंवर सिंह तोमर, समीर चौहान, अतुल त्यागी, मुकेश शास्त्री, विमला जाटव, रॉबिन गुर्जर, उदय प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी संजीव राणा, जिला आईटी संयोजक विनय शर्मा, ऋषि त्यागी, विपेंद्र सुधा वाल्मीकि, आयुष चपराना, विक्रम सोम, धीर सिंह, मोनू, मुनेंद्र, अनुज नागर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
