मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को एसपी देहात अभिजीत कुमार ने सीओ सरधना आशुतोष कुमार के साथ गंग नहर पटरी कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसपी देहात ने प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों, कांवड़ शिविरों और मुख्य मार्गों पर तैनात पुलिस बल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। किसी भी स्थिति में यातायात व्यवस्था बाधित न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने, ड्रोन कैमरों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए रखने और रूट डायवर्जन योजना का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा।एसपी देहात ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है।
