मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। थाना जानी पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड एवं ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल कर किराये पर ली गई स्कॉर्पियो गाड़ी का गबन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गबन की गई स्कॉर्पियो (UP15FD0063) भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को खानपुर निवासी सुमित चिकारा ने थाना जानी में तहरीर देकर बताया था कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी 15 हजार रुपये किराये पर लेने के नाम पर हासिल कर ली। बाद में आरोपियों ने वाहन में लगा जीपीएस बंद कर दिया और अपने मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ कर लिए। शिकायत के आधार पर थाना जानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिसके बाद थाना जानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कौशलेंद्र उर्फ सोनू पुत्र मनोज निवासी रोहिणी, दिल्ली (मूल निवासी महोबा) तथा अमित सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी मेडिकल थाना क्षेत्र, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से गबन की गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को रविवार देर रात गंगनहर रोड पर जानी गंगनहर चौराहे से भोला झाल की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक बिपिन नेगी, उपनिरीक्षक मनमोहन सहित थाना जानी पुलिस के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
