मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर हिंदी पत्रकारिता के 200 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एमआईईटी, मेरठ में आयोजित भव्य समारोह में पत्रकारिता जगत के 21 वरिष्ठ पत्रकारों को उनके तीन दशक से अधिक के उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘कलमकार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। समारोह में लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी व्यापक मंथन हुआ।कार्यक्रम का आयोजन द प्रेस क्लब मेरठ एवं उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने सम्मानित पत्रकारों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता की नींव 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित ‘उदन्त मार्तण्ड’ से रखी गई थी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना प्रसारित करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सशक्त उपकरण है। मेरठ के विकास और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में पत्रकारों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है।उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयुक्त राजेंद्र सिंह ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज के हर वर्ग की आवाज को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने पत्रकारिता में निष्पक्षता, तथ्यपरकता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोपरि बताते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाते हैं। वहीं महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने पत्रकारों को समाज का सजग प्रहरी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।समारोह में इंद्र मोहन आहूजा, नीरज कांत राही, पुष्पेंद्र शर्मा, सूर्यकांत द्विवेदी, हरिशंकर जोशी, अनिल बंसल, अभिषेक शर्मा, मुकेश गोयल, अशोक गोस्वामी, विनोद गोस्वामी, रामबोल तोमर, ज्ञान प्रकाश, संत राम पांडेय, नरेश उपाध्याय, नितिन सबरंगी, जे.एम. शाकाल, कुंवर नौशे मियां, ऋचा जोशी, अनिल गौर, विजय राजा, जयवीर त्यागी एवं संजय गौतम को ‘कलमकार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।इस अवसर पर एमआईईटी के वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, द प्रेस क्लब अध्यक्ष रवि शर्मा, महामंत्री कुंत कुमार शर्मा, उपज के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पायल अग्रवाल ने किया, जबकि अंत में द प्रेस क्लब अध्यक्ष रवि शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

