oplus_2097154
अनीस अहमद संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।जानी थाना क्षेत्र के गांव टिकरी में दो दिन पूर्व आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद गांव में अभी भी शोक का माहौल बना हुआ है। हादसे में मकान की छत भरभराकर गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस दुखद घटना के बाद रविवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य रविंद्र टिकरी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।गौरतलब है कि गांव टिकरी निवासी ऋषिपाल के मकान की छत अचानक गिर गई थी। उस समय उनके दोनों बेटे रितेश और रचित कमरे में सो रहे थे। हादसा इतना भयावह था कि मलबे में दबने से रितेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रचित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल रचित का उपचार अस्पताल में चल रहा है।रविवार को रविंद्र टिकरी ने मृतक रितेश के परिजनों से मुलाकात कर गहरा दुख व्यक्त किया और परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को 21 हजार रुपये की नगद आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।उन्होंने कहा कि एक जवान बेटे को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह पूरे गांव के लिए बेहद दुखद घटना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो वह हरसंभव मदद करने के लिए तत्पर रहेंगे।इस दौरान मौजूद ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल रचित के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। गांव में हादसे को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है तथा लोग लगातार पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
