मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ । मेरठ के थाना जानी क्षेत्र में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल पर छापेमारी कर होटल संचालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आठ युवतियों को मुक्त कराया, जबकि मौके से अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया।पुलिस के मुताबिक एसएसपी मेरठ के निर्देश पर जिलेभर में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना जानी पुलिस को सूचना मिली थी कि मेरठ-बागपत रोड स्थित एपेक्स सिटी के पास एक बंद मकान में संचालित होटल टाउन एंड रेस्टोरेंट में लड़कियों से देह व्यापार कराया जा रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान कई युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिले। पुलिस ने मौके से होटल संचालक आकाश शर्मा उर्फ अनुज कुमार निवासी टीपीनगर मेरठ, विषु निवासी बड़हल बागपत, साहिब निवासी सरधना और अंश निवासी बागपत को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से होटल की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, वॉकी-टॉकी, रजिस्टर, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बरामद नकदी अवैध कमाई से जुड़ी हो सकती है।थाना जानी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि बरामद युवतियों को सुरक्षा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

