मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागपत रोड स्थित अपेक्स सिटी कॉलोनी के बराबर बने एक ओयो होटल में छापेमारी कर कथित देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से चार युवकों और आठ युवतियों को गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि होटल का शटर बाहर से बंद कर अंदर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।जानकारी के अनुसार जानी थाना पुलिस को लगातार मुखबिरों के माध्यम से सूचना मिल रही थी कि बागपत रोड स्थित उक्त होटल में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं और बाहर से होटल को बंद दिखाकर अंदर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी जानी गौरव विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से होटल पर छापेमारी की।जैसे ही पुलिस टीम होटल के अंदर पहुंची तो वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से चार युवकों और आठ युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि पकड़ी गई अधिकांश युवतियां दूसरे जिलों और बाहरी क्षेत्रों की रहने वाली हैं।थाना प्रभारी गौरव विश्नोई ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। होटल में काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने मौके से कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं। साथ ही होटल के रिकॉर्ड और वहां आने-जाने वाले लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।पुलिस अब होटल संचालक और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और बाहर से युवतियों को बुलाकर अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में देर रात तक संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिसकी शिकायत कई बार पुलिस से भी की गई थी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।फिलहाल पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

