सरधना संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरधना में मंगलवार को विकलांग प्रमाण पत्र बनाने में लापरवाही और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कई दिनों से चक्कर लगाने के बावजूद उनके प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं, जबकि कुछ मामलों में दिव्यांगता प्रतिशत कम दर्शाकर उन्हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा रहा है।प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उन्हें बार-बार अस्पताल बुलाया जाता है, लेकिन मेडिकल बोर्ड समय पर उपस्थित नहीं होता। इससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई दिव्यांगजनों ने आरोप लगाया कि दस्तावेज पूरे होने के बावजूद कर्मचारियों द्वारा अनावश्यक आपत्तियां लगाई जा रही हैं। हंगामे की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने, मेडिकल जांच निष्पक्ष तरीके से कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की। दिव्यांगजनों का कहना था कि प्रमाण पत्र में गलत प्रतिशत दर्ज होने के कारण उन्हें पेंशन, आरक्षण, उपकरण वितरण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई तथा लंबित प्रमाण पत्रों का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है।

