मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र में गौकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों के साथ शुक्रवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी सरूरपुर भेजा गया। मौके से पुलिस ने दो जीवित गाय, अवैध हथियार, गौकशी के उपकरण तथा एक कार और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। जबकि उनके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ हर्रा-खिवाई मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जसड़ पांचली रोड के पास कुछ लोग गन्ने के खेत में दो निराश्रित गायों को बांधकर उनकी गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को घेरने का प्रयास किया।पुलिस के अनुसार, घिरते देख दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें अकरम पुत्र आस मोहम्मद निवासी हर्रा तथा शादाब उर्फ दानिश पुत्र मोहम्मद इशाक निवासी शास्त्री नगर, मेरठ के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो खोखा, दो जिंदा कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त चाकू, बांका, लकड़ी का गुटका, रस्सियां, एक मोहरी, दो जीवित गाय, एक वैगनआर कार और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अकरम पर गौवध, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शादाब उर्फ दानिश पर गौवध, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और पशु क्रूरता अधिनियम सहित 12 मुकदमे दर्ज हैं।फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है
