मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।समाजवादी पार्टी के सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के नेता सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित को गुरुवार को सरूरपुर थाना पुलिस ने उनके खिवाई स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि वह अपने समर्थकों के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन में शामिल होने तथा प्रदर्शनकारियों के बीच राहत सामग्री वितरित करने के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने उन्हें आवास से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी और उनके घर पर पुलिस बल तैनात रहा। इस कारण वह निर्धारित कार्यक्रम के तहत दिल्ली नहीं जा सके।
सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित ने कहा कि वह शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर प्रदर्शनकारियों के बीच आवश्यक सामग्री वितरित करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर पर ही रोक दिया। उन्होंने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
