मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात गौकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्वाट टीम देहात की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। दो आरोपी अंधेरे और गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश, तमंचा-कारतूस, मोटरसाइकिल और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात सरूरपुर पुलिस हर्रा-खिवाई मोड़ पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि हिण्डन नदी पुल से पहले खिवाई की ओर जाने वाले खड़ंजे के पास चार लोग एक गोवंश को पेड़ से बांधकर गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।पुलिस का कहना है कि टीम ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में यामीन पुत्र शाहबुद्दीन निवासी खुशहाल कॉलोनी, लिसाड़ी गेट के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। वहीं पप्पू पुत्र फरमूद निवासी सिवालखास, थाना जानी को भी मौके से पकड़ लिया गया।पुलिस के मुताबिक, दो अन्य आरोपी अंधेरे और गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर भाग निकले। उनकी तलाश में कॉम्बिंग कराई गई और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घायल यामीन को उपचार के लिए सीएचसी सरूरपुर भेजा गया।मौके से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस, दो चाकू, दो बांका/गड़ांसे, लकड़ी का गुटका, रस्सियां, सूजे, काला कपड़ा, प्लास्टिक का थैला, एक जीवित गाय और हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।पुलिस के अनुसार, यामीन के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, हत्या के प्रयास, गौवध अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पप्पू के खिलाफ भी थाना जानी में आयुध अधिनियम का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।



