मेरठ संवाददाता एन 20
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण की संयुक्त कार्रवाई में गौकशी की फिराक में बैठे दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से दो जीवित गोवंश, दो अवैध तमंचे, कारतूस, गौकशी के उपकरण और एक होंडा अमेज कार बरामद की है।पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि रसूलपुर धौलड़ी-रघुनाथपुर मार्ग पर महपा मोड़ के पास आम के बाग में कुछ लोग गौकशी की तैयारी में बैठे हैं। सूचना पर जानी पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का आरोप है कि टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आतिफ उर्फ मोटा निवासी सिवालखास और सुहेब उर्फ शोएब उर्फ राजा निवासी रुहासा, दौराला पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।मौके से तीन अन्य आरोपी गुड्डु उर्फ फैसल, समीर और मौहम्मद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। बरामदगी में दो .315 बोर के तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, दो जीवित गाय, तीन छुरी, दाव, सुआ, लकड़ी का गुटका, रस्सी, सात प्लास्टिक के कट्टे, 5200 रुपये नकद और होंडा अमेज कार शामिल है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आतिफ के खिलाफ चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुहेब पर भी गौवध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में जानी थाने में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



