मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत खिवाई में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में युवाओं, बुजुर्गों और क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के उत्साह और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।तिरंगा यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में युवाओं के साथ बुजुर्ग भी तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में देशभक्ति के गीत और नारों से माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।इस अवसर पर सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की तरक्की में अपनी भूमिका निभाएं और समाज में आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दें।खिवाई में निकली तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।



