मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के सिवालखास कस्बे में ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम जानी-नंगला मार्ग स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने गोदाम की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में दवाइयां और कॉस्मेटिक्स बरामद किए।कार्रवाई असिस्टेंट कमिश्नर ड्रग्स अतुल उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। टीम में डीआई संतोष पटेल, ज्योत्सना आनंद, क्राइम ब्रांच और सिवालखास चौकी प्रभारी नितिन कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।अधिकारियों के मुताबिक गोदाम संचालक अकर पुत्र सलीम से बरामद सामान के संबंध में जानकारी ली गई। पूछताछ के दौरान संचालक ने बताया कि गोदाम में रखा अधिकांश सामान एक्सपायर हो चुका है और इसे कबाड़ के रूप में खरीदा गया था। हालांकि, टीम द्वारा दवाइयों और कॉस्मेटिक्स की खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर संचालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर ड्रग विभाग ने बरामद माल को संदिग्ध मानते हुए उसकी जांच शुरू कर दी। अधिकारियों की निगरानी में दवाइयों और कॉस्मेटिक उत्पादों का परीक्षण एवं रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं एक्सपायरी दवाइयों और कॉस्मेटिक उत्पादों को दोबारा पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी तो नहीं थी। फिलहाल विभाग द्वारा बरामद सामान की मात्रा, कंपनियों और उसकी वास्तविक स्थिति की जांच की जा रही है।मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।



