मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना पुलिस की बृहस्पतिवार देर रात जेवरी-सरधना रोड पर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस के मुताबिक, 27/28 अगस्त की रात पुलिस टीम बटजेवरा पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यामाहा एफजेड बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। दोनों बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी।घायल बदमाश की पहचान शिवम सैनी (29) पुत्र अशोक सैनी निवासी टीकाराम कॉलोनी, कंकरखेड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और यामाहा एफजेड बाइक बरामद की। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को कंकरखेड़ा क्षेत्र में एक युवती के गले से सोने की चेन लूटने के मामले में शिवम और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पुलिस शिवम के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।



