मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।शिक्षक समाज की रीढ़ है। शिक्षक के मजबूत होने से जहां बच्चे संस्कारवान बनते हैं, वहीं राष्ट्र का वास्तविक निर्माण भी होता है। यह विचार मेरठ-सहारनपुर शिक्षक विधायक श्रीचंद शर्मा ने गुरुवार को सरधना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित शिक्षक-शिक्षिकाओं की सभाओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।श्रीचंद शर्मा ने कहा कि शिक्षक क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याएं लंबे समय से लंबित थीं, जिनके समाधान के लिए वर्तमान सरकार ने सकारात्मक कदम उठाए हैं। उन्होंने कैशलेस योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि माध्यमिक शिक्षकों के साथ-साथ वित्तविहीन विद्यालयों के संविदा शिक्षकों और शिक्षामित्रों के लिए भी यह योजना लागू कर दी गई है। वंचित शिक्षकों के लिए उनके द्वारा दिया गया प्रस्ताव शासन में विचाराधीन है, जिसे शीघ्र पारित कराने का प्रयास किया जा रहा है।आगामी शिक्षक चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के घोषित प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक श्रीचंद शर्मा ने कहा कि शिक्षक सम्मान, पुरानी एवं नई पेंशन, सेवा संबंधी समस्याओं, पदोन्नति, स्थानांतरण, शिक्षकों के विभिन्न हितों तथा शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े विषयों पर प्रभावी ढंग से कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इन समस्याओं के संपूर्ण निराकरण की दिशा में प्रयास जारी रहेगा।पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सिंह सोम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए लक्ष्यों की ओर बढ़ रहा है। आने वाले प्रत्येक चुनाव के लिए विधानसभा के कार्यकर्ता एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षकों की शेष लंबित समस्याओं का भी शीघ्र निराकरण कराया जाएगा।विधानसभा संयोजक दीपक शर्मा ने सभाओं में शिक्षक मतदाताओं की वोटों के संबंध में जानकारी देते हुए शेष बची हुई वोट बनवाने की अपील की।इस दौरान आचार्य नेमीसागर जैन इंटर कॉलेज, सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेंट जोसेफ गर्ल्स डिग्री कॉलेज, सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज, सेंट जेवियर वर्ल्ड स्कूल तथा केके पब्लिक स्कूल में दोनों नेताओं ने शिक्षक-शिक्षिकाओं की सभाओं को संबोधित किया। विभिन्न विद्यालयों में सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम में जिला संयोजक संजय त्यागी, सह संयोजक मनोज शर्मा, मंडल अध्यक्ष विनोद जैन, लोकप्रिय इंटर कॉलेज के प्रबंधक अंबुज प्रकाश, चंद्रशेखर आजाद के प्रबंधक सत्य प्रकाश गुप्ता, जैन इंटर कॉलेज के प्रबंधक धनपाल जैन, कार्यवाहक प्रधानाचार्य पंकज कौशिक, सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज के प्रबंधक ब्रदर इमानुएल, प्रधानाचार्य विनय त्यागी, केके पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सुशील कुमार, सचिव संजीव कुमार, सनातन धर्म के प्रबंधक नीरज गुप्ता, गौरव गुप्ता, प्रदीप मित्तल, प्रधानाचार्य वंदना मित्तल, डिग्री कॉलेज की राजेश्वरी देवी, मोनिका शर्मा, महेश पालीवाल, सेंट जेवियर के प्रबंधक ठाकुर प्रीतीश कुमार सिंह, प्रधानाचार्य रोहित मेहरा, ललित गुप्ता, सभासद शानू जैन, राहुल कुमार, ऋषभ जैन, सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।सभी विद्यालयों की ओर से मुख्य अतिथि विधायक श्रीचंद शर्मा एवं पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सिंह सोम को शॉल ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।



