मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
रोहटा। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार देर रात बदमाशों ने चिंदाैड़ी गांव के जंगल में आधा दर्जन से अधिक किसानों के नलकूपों को निशाना बनाया। बदमाश छत और दरवाजे तोड़कर नलकूपों में दाखिल हुए और मोटर, स्टार्टर, ऑपरेटर, केबल, फ्यूज, तांबा, एल्युमिनियम समेत कृषि उपकरण और सरिया चोरी कर फरार हो गए।सोमवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को चोरी की जानकारी हुई। किसानों ने यूपी कंट्रोल रूम और थाना पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि सूचना के घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस के सामने हंगामा करते हुए चोरी की घटनाओं का जल्द राजफाश करने की मांग की।किसान प्रवेश उर्फ टीटू ने बताया कि उनके नलकूप पर निर्माण कार्य चल रहा था और वहां एक कुंतल से अधिक सरिया रखा था। बदमाश छत के रास्ते अंदर घुसे और स्टार्ट, ऑपरेटर, केबल, फ्यूज व सरिया चोरी कर ले गए। इसके अलावा पंकज कुमार, प्रवीण कुमार, यशपाल सिंह, मोनू, विश्वेंद्र और अन्य किसानों के नलकूपों से भी मोटर, स्टार्टर, ऑपरेटर व कृषि उपकरण चोरी किए गए।ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन माह में जंगल में चोरी की करीब सात घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस किसी भी घटना का राजफाश नहीं कर सकी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।थानाध्यक्ष पूजा पंवार ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



