मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में पंचायत राज विभाग के सहायक अभियंता, उनकी पत्नी और बेटी की आत्महत्या के मामले में वांछित आरोपी को मेरठ स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, थाना सर्पवरम में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 260/2026 में शेख सादिक खान वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी आंध्र प्रदेश से मेरठ आकर छिपा हुआ था। सर्पवरम पुलिस से मिली सूचना के बाद मेरठ स्वाट टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।काकीनाडा जिले के पिठापुरम क्षेत्र में पंचायत राज विभाग में सहायक अभियंता तील्लापुडी नूकाराजू, उनकी पत्नी मीना और बेटी सौजन्या ने राजमुंदरी स्थित गोदावरी नदी के पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के दौरान परिवार के साथ मौजूद 10 वर्षीय बच्चे की जान बच गई थी।पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर रायफल शूटिंग अकादमी के संचालक एवं कोच शेख सादिक खान पर परिवार को कथित तौर पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने, ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप सामने आए। आरोपी पर परिवार के बैंक खातों, आभूषणों और संपत्ति को अपने नियंत्रण में लेने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप है।आंध्र प्रदेश पुलिस के सुपुर्द: गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना सर्पवरम पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई में स्वाट टीम नगर के प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा मय टीम और थाना सर्पवरम की पुलिस टीम शामिल रही।



