मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।जानी क्षेत्र स्थित जानी बुजुर्ग गांव में एक महिला के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता साहिबा ने गांव के ही रहने वाले सरताज नामक युवक पर आरोप लगाते हुए जानी थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।पीड़िता के अनुसार, वह अपने घर के बाहर रोजमर्रा की तरह सफाई कर रही थी। इसी दौरान गांव का निवासी सरताज वहां पहुंचा और उसे अकेला देखकर जबरदस्ती खींचने लगा। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ अश्लील हरकत की और उसके शरीर के अंगों को दबाने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से पीड़िता घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया।महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर आसपास के लोगों के आने की आशंका से आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी महिला की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

