मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी नेता सीपी शर्मा उर्फ बबलू पंडित सांसद इकरा हसन के आवास पर पहुंचे। इस दौरान सांसद इकरा हसन ने सीपी शर्मा को राखी बांधी। राखी बंधवाने के बाद सीपी शर्मा ने कहा कि इकरा हसन उनकी बहन हैं और एक भाई होने के नाते उनके सम्मान के साथ खड़ा रहना उनका फर्ज है।सीपी शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले किसी भी व्यक्ति के राजनीतिक विचार और विचारधारा अलग हो सकती है। लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और अपनी विचारधारा के समर्थन का अधिकार है, लेकिन राजनीतिक मतभेदों के नाम पर किसी महिला के खिलाफ व्यक्तिगत अथवा अभद्र टिप्पणी करना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि इकरा हसन एक शिक्षित, योग्य और प्रतिभाशाली महिला हैं। उनके बारे में की जा रही अनर्गल टिप्पणियों से समाज में अच्छा संदेश नहीं जाता। उन्होंने कहा कि हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा महिलाओं के सम्मान की सीख देती है। ऐसे में सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के प्रति भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।सीपी शर्मा ने कहा कि किसी व्यक्ति की विचारधारा से असहमति हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि व्यक्तिगत स्तर पर टिप्पणी की जाए। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए राजनीतिक बहस मुद्दों और नीतियों पर होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप पर।उन्होंने कहा, “इकरा हमारी बहन हैं और उनके सम्मान के साथ खड़े रहना एक भाई का फर्ज है।” इस दौरान उन्होंने समाज में आपसी सम्मान, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।



