मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर गांव अटेरना के निकट शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा करीब 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी सरधना पहुंचाया गया, जहां से उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।जानकारी के अनुसार, शहजाद 25 वर्ष पुत्र यामीन, उम्र करीब 25 वर्ष, जाति अब्बासी, निवासी ग्राम कैली, थाना दौराला, राजमिस्त्री का काम करता है। शहजाद अपनी पत्नी को लेने के लिए बाइक से खिवाई जा रहा था। इसी दौरान नहर के रास्ते पर उसे अपने रिश्ते के फूफा फुरकान पुत्र इस्लाम, उम्र करीब 50 वर्ष, जाति रांगड़ राजपूत, निवासी ग्राम कैली, थाना दौराला मिले। फुरकान को सरधना तहसील में तारीख पर जाना था, जिसके चलते वह शहजाद की बाइक पर बैठकर उसके साथ चल दिए।दोनों चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर गांव अटेरना के निकट पहुंचे ही थे कि इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा शहजाद गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शहजाद को सीएचसी सरधना की एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए भेजा। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।पुलिस ने मृतक फुरकान के परिजनों को हादसे की सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।



