जलभराव से स्कूली बच्चों और कस्बावासियों को परेशानी, निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।मेरठ के सिवालखास कस्बे में हुई बारिश ने नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद नगर पंचायत क्षेत्र के कई स्थानों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के साथ-साथ कस्बावासियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।कस्बावासियों का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष द्वारा जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि प्रत्येक बरसात में जलभराव की स्थिति पैदा होती है, लेकिन इसके बावजूद नालों और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई।जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्कूली बच्चों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।कस्बावासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया तो वे मेरठ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।



