मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। प्रतियोगी परीक्षाओं का पेपर आउट कराने और सॉल्वर के माध्यम से अभ्यर्थियों को फर्जी तरीके से पास कराने के मामले में वांछित चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सिविल लाइन पुलिस और स्वाट टीम नगर ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके से दबोचा।पुलिस के अनुसार, 28 जून 2023 को एसटीएफ फील्ड यूनिट मेरठ के निरीक्षक सुनील कुमार की तहरीर पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि गिरोह के सदस्य परीक्षार्थियों से अवैध धनराशि लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर आउट कराने, प्रश्नपत्र हल कराने और अभ्यर्थियों को फर्जी तरीके से पास कराने का काम करते थे।विवेचना के दौरान मोनू उर्फ प्रशान्त कुमार सिंह पुत्र ओमपाल सिंह/रामअवतार निवासी ग्राम खटाना, थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर का नाम सामने आया। आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, देहरादून के रायपुर थाने में दर्ज परीक्षा अधिनियम के एक मामले की जांच सीबीआई उत्तराखंड द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी अरुण भाटी, स्वाट टीम प्रभारी मनीष शर्मा व टीम, उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक शुभम पचौरी और हेड कांस्टेबल कृष्ण प्रताप सिंह शामिल रहे।



