मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।जानी थाना क्षेत्र के किठौली गांव और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों के आतंक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। दो दिन पहले किठौली निवासी लख्मी सैनी की आवारा कुत्तों के हमले में मौत हो गई थी। बताया गया कि लख्मी सैनी अपने खेत में ईख बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह नोच डाला। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से किठौली समेत आसपास के गांवों में ग्रामीणों के बीच भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना इतनी गंभीर होने के बावजूद अभी तक आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुत्तों के झुंड गांव और खेतों के आसपास लगातार घूम रहे हैं, जिससे लोगों को अकेले खेतों पर जाने में भी डर लग रहा है।ग्रामीणों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले सिसौला खुर्द गांव में सूरजमुखी नाम की महिला को भी आवारा कुत्तों ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि क्षेत्र में कई महिला और पुरुष इन आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं और कुछ घायल लोगों का उपचार अभी भी चल रहा है।लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद आवारा कुत्तों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांवों में विशेष अभियान चलाकर हिंसक आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी इंतजाम किए जाएं।



