मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
खिवाई कस्बे में शराब के ठेके पर हुए जानलेवा हमले के मामले में सरूरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर शराब के ठेके पर किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दो युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट करते हुए कांच की शराब की बोतलों से उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि चेहरे और होंठ पर भी गहरी चोट लगने के साथ उसका एक दांत टूट गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।घायल की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर आरोपियों की तलाश शुरू की और कार्रवाई के दौरान अमित निवासी किनौनी तथा सचिन निवासी मिर्जापुर रासना, थाना रोहटा को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और सार्वजनिक स्थानों पर हिंसा फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
