मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसपी देहात अभिजीत कुमार तथा मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने सरधना क्षेत्र स्थित चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सलावा चौकी, अटेरना चौकी, सरधना-दौराला रोड पुल तथा नानू गंग नहर पुल सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान कांवड़ मार्ग की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा शिवभक्तों के लिए की जा रही सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों से तैयारियों की जानकारी ली।जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी नहर पुलों पर गोताखोरों तथा नावों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।निरीक्षण के दौरान सरधना एसडीएम उदित नारायण सेंगर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए आमजन, शिवभक्तों तथा कांवड़ सेवा में लगे सभी सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
