मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरधना क्षेत्र के जाफराबाद दुर्गेशपुर गांव में बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है। मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति के साथ-साथ गांव के कई अन्य रास्ते भी गंदगी, कीचड़ और जलभराव की चपेट में हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर लगभग आधा किलोमीटर तक जलभराव और कीचड़ फैला हुआ है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जो पानी भर जाने के कारण दिखाई नहीं देते। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। वहीं कई चारपहिया वाहनों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है।ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार तहसील दिवस में जिलास्तरीय अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर समाधान की मांग कर चुके हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय विधायक गुलाम मोहम्मद को भी ज्ञापन सौंपकर सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों ने बताया कि वे लगातार ग्राम प्रधान लियाकत से भी समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्राम प्रधान ने फोन तक रिसीव नहीं किया। उनका कहना है कि ग्राम प्रधान उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि बरसात का मौसम अभी शेष है और यदि समय रहते जलनिकासी एवं सड़क मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया तो हालात और भी बदतर हो जाएंगे। इससे न केवल आवागमन प्रभावित होगा, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाएगी।गांव में इस समस्या को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि वर्तमान ग्राम प्रधान की कार्यशैली से नाराज जनता आगामी ग्राम पंचायत चुनाव में इसका जवाब देगी।हमारे संवाददाता ने समाचार प्रकाशित करने से पूर्व ग्राम प्रधान लियाकत का पक्ष जानने का प्रयास किया। इसके लिए उन्हें कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसलिए इस संबंध में उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। यदि भविष्य में उनका पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
