मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।। राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आरडी शर्मा एवं राष्ट्रीय महासचिव व कार्यक्रम संयोजक पंडित आदेश फौजी के नेतृत्व में गाजियाबाद में विशाल ब्रह्म समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक शामिल हुए और उन्होंने ब्राह्मण समाज को संबोधित किया। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि ब्राह्मण समाज को संगठित रहते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने समाज की एकजुटता, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों पर जोर दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक संजीव शर्मा ने की। कार्यक्रम संयोजक एवं राष्ट्रीय महासचिव पंडित आदेश फौजी ने ब्राह्मण समाज की 12 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विभिन्न ब्राह्मण संगठनों की सहमति से इन मांगों को भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा। मांगों में ब्राह्मण आयोग का गठन, यूजीसी से जुड़े कानूनों में संशोधन तथा आर्थिक आधार पर आरक्षण सहित विभिन्न मांगें शामिल हैं।सिवालखास विधानसभा क्षेत्र से कार्यक्रम संयोजक पंडित आदेश फौजी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोग गाजियाबाद पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों ने विशाल ब्रह्म समागम में भाग लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। सिवालखास क्षेत्र से पहुंचे लोगों की मौजूदगी कार्यक्रम में विशेष रूप से नजर आई।समागम में पीठाधीश्वर जयभगवान शर्मा सहित संतों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता को मजबूत करने का काम करते हैं। साथ ही समाज को सेवा, सद्भाव और संस्कारों के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।कार्यक्रम में भाजपा गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, विधायक संजीव शर्मा, पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित, पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी, विधायक धर्मेंद्र भारद्वाज, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन विमल शर्मा, राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक सुनील भराला, महंत वैभव शर्मा, पार्षद राजीव शर्मा समेत अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।समागम में हजारों परशुराम वंशज एवं ब्राह्मण समाज के लोग तथा सैकड़ों मातृशक्ति ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान समाज की एकजुटता और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।



