मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। संयुक्त गुर्जर परिषद (मेरठ) के तत्वावधान में रविवार को आरएएफ डिवाइडर रोड स्थित द मैन्शन में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेन्द्र तोमर का नागरिक अभिनंदन किया गया। साथ ही समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि समाज की उन्नति शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन की मजबूती से संभव है। उन्होंने युवाओं से समाजहित में आगे आने और कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक चेतना और सकारात्मक सोच से ही समाज का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।समारोह में मृत्युभोज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ कार्य करने वाले समाज सुधारकों को “कोतवाल धन सिंह गुर्जर रत्न सम्मान” प्रदान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज सुधार केवल विचारों से नहीं, बल्कि जनजागरण और साहसिक प्रयासों से संभव होता है।इसके अलावा 10 मई क्रांति दिवस पर आयोजित गुर्जर जनजागृति सम्मेलन को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने सम्मेलन को समाज में नई चेतना और जागरूकता का माध्यम बताया।कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ नागरिकों, बुद्धिजीवियों, युवाओं, महिला प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया। सभी ने सामाजिक एकता, शिक्षा के प्रसार और कुरीतियों के उन्मूलन के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।समारोह के सफल आयोजन में मुख्य संयोजक भोपाल सिंह गुर्जर, सह-संयोजक जगदीश पूठा और वीरेंद्र सिंह गुर्जर सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में परिषद की ओर से सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
