मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
जानी खुर्द। थाना जानी पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तत्परता का परिचय देते हुए महज 30 मिनट के भीतर एक लापता चार वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को बड़ौत जनपद बागपत से एक परिवार जानी क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। समारोह के दौरान परिवार का चार वर्षीय मासूम बच्चा अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाना जानी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना जानी पुलिस तत्काल हरकत में आई और विशेष टीम गठित कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन करते हुए मात्र 30 मिनट के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बाद में बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने जानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आयुषी वाघणे, मुख्य आरक्षी नीलम शर्मा, मुख्य आरक्षी काजल, मुख्य आरक्षी तनु, मुख्य आरक्षी शिवांग शर्मा एवं कांस्टेबल सतेंद्र सिंह शामिल रहे, जिनकी सक्रिय भूमिका से यह सफलता मिली।पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही से क्षेत्रवासियों में भी खुशी का माहौल है तथा लोगों ने जानी पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की है।
