मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। रजपुरा ब्लॉक के महाराणा प्रताप सभागार में सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती संस्मरण पखवाड़ा के तहत भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में क्षेत्रीय मंत्री अनूप वाल्मीकि ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जबकि कोऑपरेटिव बैंक मेरठ के चेयरमैन विमल शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने की और संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अतुल त्यागी ने किया।मुख्य वक्ता अनूप वाल्मीकि ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने अनुच्छेद-370 और जम्मू-कश्मीर की परमिट व्यवस्था के विरोध में चलाए गए आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी का सपना आज साकार हो चुका है।विशिष्ट अतिथि विमल शर्मा ने कहा कि स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने देश की औद्योगिक नीति की मजबूत नींव रखी और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।जिला अध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने भारतीय जनसंघ की स्थापना, उसके वैचारिक आधार और वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और समान नागरिक अधिकारों के सिद्धांत आज भी पार्टी की मूल विचारधारा हैं।सम्मेलन में पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी, रणवीर राणा, जिला महामंत्री भंवर सिंह तोमर, हरीश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष अतुल त्यागी, जिला मीडिया प्रभारी संजीव राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
