मेरठ संवाददाता एन 20
मेरठ। सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा को लेकर जिलेभर में आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है। कांवड़ मार्गों पर ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंज रहे हैं। दूर-दराज के धामों से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों की सेवा के लिए जगह-जगह कांवड़ सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में कार्यकर्ता और सेवादार दिन-रात कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं।सिवालखास विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी मनिंदर पाल सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह पाल ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं और सेवादारों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। भाजपा नेताओं ने सेवा कार्य में लगे सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण की सराहना की।उन्होंने कहा कि सावन के पवित्र माह में शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। कांवड़ यात्रा में सेवा के लिए बड़ी संख्या में लोग आगे आ रहे हैं, जो आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष फिरेराम धनतला, जिला आईटी संयोजक कुलदीप तोमर, डायरेक्टर डॉ. आप तोमर, जिला पंचायत मेरठ के पूर्व सदस्य प्रदीप त्यागी और आदित्य जानी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



