एफएच मेडिकल कॉलेज, आगरा से पूरी की पढ़ाई, परिवार में खुशी का माहौल
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ/फलावदा। कुछ सपने ऐसे होते हैं जो वर्षों तक आंखों में पलते हैं और एक दिन हकीकत बनकर पूरे परिवार को गौरवान्वित कर देते हैं। क्षेत्र के ग्राम गगसौना निवासी अज़ीम रिज़वी ने 83 प्रतिशत अंकों के साथ एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण कर अपने परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।अज़ीम रिज़वी पुत्र इरशाद अहमद एवं समाजसेवी सईम रिज़वी के छोटे भाई हैं। परिवार के अनुसार बचपन से ही उन्हें डॉक्टर बनाने का सपना देखा गया था। वर्षों की कड़ी मेहनत, संघर्ष, अनुशासन और लगन के बाद उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।परिजनों ने बताया कि बचपन से ही अज़ीम पढ़ाई के प्रति गंभीर थे। मेडिकल क्षेत्र में जाने का उनका सपना आसान नहीं था। कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं, लंबे अध्ययन और अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए उन्होंने अपनी मंजिल प्राप्त की। आज वह आधिकारिक रूप से डॉक्टर बन चुके हैं, जिससे परिवार में गर्व और खुशी का माहौल है।अज़ीम रिज़वी ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी से संबद्ध एफएच मेडिकल कॉलेज, आगरा से पूर्ण की है। हाल ही में घोषित परिणाम में उन्होंने 83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की।परिवार ने इस उपलब्धि को अल्लाह की रहमत और शुभचिंतकों की दुआओं का परिणाम बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि एमबीबीएस की डिग्री मंजिल नहीं, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में एक नए सफर की शुरुआत है।अज़ीम रिज़वी की सफलता पर क्षेत्रवासियों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
