मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर। डाहर गांव में सालिम उर्फ मन्नू हत्याकांड में फरार चल रहे छठे आरोपी को सरूरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने सोनू पुत्र जाकिर निवासी डाहर को टूटी पुलिया के पास राजवाहे से गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को शहजाद ने अपने बेटे सालिम उर्फ मन्नू की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर के आधार पर शाहरूख खान, गुलजार, रिहान, असलम, मजर खान और सोनू को नामजद किया गया था। आरोप है कि सभी आरोपियों ने एक राय होकर सालिम के साथ मारपीट की और उस पर हमला किया। इसी दौरान गुलजार द्वारा सालिम के सीने में गोली मारने का आरोप है, जिससे उसकी मौत हो गई।मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाहरूख खान, गुलजार, असलम, मजर खान और रिहान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं सोनू फरार चल रहा था। शनिवार को पुलिस को उसके टूटी पुलिया के पास राजवाहे पर मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और करीब 21 वर्षीय सोनू को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में नामजद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।



