oplus_2097154
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।नगर पंचायत सिवालखास क्षेत्र में ड्रग्स डिपार्टमेंट ने कबाड़ी के गोदाम पर छापेमारी कर एक्सपायर दवाइयों और कॉस्मेटिक सामान का जखीरा बरामद किया। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामान की कीमत करीब 17 लाख 40 हजार रुपये है। टीम ने सभी दवाइयों और कॉस्मेटिक सामान को सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद ड्रग्स डिपार्टमेंट की ओर से जानी थाने में पांच लोगों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।मुकदमे में असलम, अकरम, अशरफ, सद्दाम और मकान मालिक शाहजवान को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से असलम को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी चार आरोपी फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।ड्रग्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद गोदाम पर कार्रवाई की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर पुरानी और एक्सपायर दवाइयों को एकत्र करते थे। इसके बाद एक्सपायर दवाइयों पर नया रेपर लगाकर उन्हें दोबारा बाजार में भेजने की तैयारी की जाती थी। अधिकारियों के अनुसार इस तरह का कारोबार लंबे समय से किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं।छापेमारी के दौरान टीम ने गोदाम से बड़ी मात्रा में दवाइयां और कॉस्मेटिक सामान बरामद किया। बरामद माल को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दवाइयों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।पुलिस का कहना है कि फरार चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच के बाद एक्सपायर दवाइयों को दोबारा बाजार में खपाने के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।



