मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। परतापुर थाना पुलिस ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले कथित अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, दो 315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को डिवाइडर रोड स्थित अध्ययन कट के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को पुलिस ने पकड़ा। उनकी पहचान हिमांशु लोधी निवासी डुंगरावली, शिवम शर्मा उर्फ आवारा पंडित निवासी सैनी हाल इन्द्रापुरम कॉलोनी और वंश लोधी निवासी बड़ा हसनपुर के रूप में हुई।पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बरामद हथियार देवेन्द्र नाम के व्यक्ति से खरीदने की बात स्वीकार की। आरोपियों के अनुसार पिस्टल को 70 से 80 हजार रुपये और तमंचों को 9 से 10 हजार रुपये में बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था। पुलिस अब हथियार सप्लाई करने वाले देवेन्द्र समेत नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।बरामदगी के आधार पर थाना परतापुर में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शिवम शर्मा के खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि हिमांशु लोधी और वंश लोधी के खिलाफ भी आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।



