हेलिकॉप्टर से भी कांवड़ियों पर बरसाए फूल, ‘हर-हर बम-बम’ से गूंजा कांवड़ मार्ग
अनीस खान संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। श्रावण मास की दशमी तिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ शिवभक्त कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनकी आस्था और श्रद्धा को सम्मान दिया। इसके साथ ही कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान पूरा कांवड़ मार्ग ‘हर-हर, बम-बम’ के जयघोष से गूंज उठा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम से पहले हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।भक्ति और समरसता का उदाहरण है कांवड़ यात्रापुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पवित्र कांवड़ यात्रा भक्ति, समर्पण, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता और समरसता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। लाखों शिवभक्त हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब चार से साढ़े चार करोड़ शिवभक्त सावन की शिवरात्रि तक कांवड़ यात्रा में शामिल होकर शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर सहित दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने हैं।सुरक्षा व्यवस्था में जुटा पूरा प्रशासनसीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। समाजसेवी और धर्मार्थ संगठन भी जगह-जगह शिविर लगाकर कांवड़ियों की सेवा और सुविधाओं में जुटे हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि शिवरात्रि तक कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा जारी रहेगी। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रदेश व देश में सुख-शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।इस अवसर पर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेंद्र तोमर, राज्यमंत्री जलशक्ति दिनेश खटीक, सांसद अरुण गोविल, सांसद चंदन चौहान, सांसद राजकुमार सांगवान, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधायक अमित अग्रवाल, विधायक गुलाम मोहम्मद, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।



