मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद एवं उड़ीसा प्रदेश प्रभारी ठाकुर विजयपाल सिंह तोमर ने स्वर्गीय ओमप्रकाश मधुर की पावन स्मृति में आयोजित साहित्यकार सम्मान समारोह में सहभागिता करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। यह समारोह पं. प्यारे लाल शर्मा स्मारक, छोटा सभागार, बच्चा पार्क, मेरठ में आयोजित किया गया।ठाकुर विजयपाल सिंह तोमर ने कहा कि स्वर्गीय ओमप्रकाश मधुर उनके अभिन्न साथी थे, जिनके साथ बिताए गए पल आज भी उनके हृदय में सजीव हैं। उन्होंने कहा कि मधुर जी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका स्नेह, सरल व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकार और साहित्य के प्रति समर्पण सदैव उन्हें प्रेरित करता रहेगा।उन्होंने कहा कि अपने प्रिय साथी की स्मृति में आयोजित इस सम्मान समारोह में शामिल होकर उन्हें भावुक क्षणों का अनुभव हुआ। साथ ही साहित्यकारों को सम्मानित करने का अवसर प्राप्त होना उनके लिए गर्व और संतोष का विषय रहा।पूर्व सांसद ने कहा कि स्वर्गीय ओमप्रकाश मधुर का जीवन साहित्य, समाजसेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात राष्ट्रीय कवि डॉ. हरिओम पंवार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, मेरठ के अध्यक्ष विमल शर्मा ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समारोह में सम्माननीय कवि शिवचरण शर्मा मधुर एवं यशपाल कोलसयान, डॉ. हरिओम पंवार, डॉ फुरकान मिर्ज़ा सहित अनेक साहित्यकार, कवि, बुद्धिजीवी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में ठाकुर विजयपाल सिंह तोमर ने स्वर्गीय ओमप्रकाश मधुर की पुण्य स्मृति को सादर नमन करते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा कहा कि उनकी स्मृतियाँ सदैव सभी के हृदय में अमर रहेंगी। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी साहित्यकारों एवं आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में साहित्य, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
