मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।1857 की क्रांति के अमर शहीदों की स्मृति में शुक्रवार को ग्राम पाँचली खुर्द स्थित कोतवाल धनसिंह गुर्जर इंटर कॉलेज में संयुक्त गुर्जर परिसंघ के तत्वावधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान “एक पौधा-एक शहीद के नाम” अभियान के तहत 105 पौधे लगाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में पाँचली खुर्द के वीरों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। अंग्रेजी हुकूमत ने क्रांतिकारियों को बेरहमी से मौत के घाट उतारने के साथ पूरे गांव को आग के हवाले कर दिया था, लेकिन उनके हौसले और स्वाभिमान को झुका नहीं सकी। उनके बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा।इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों की स्मृति को जीवंत रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे। कार्यक्रम में संयुक्त गुर्जर परिसंघ के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
